धोनी को भेजे खत का मजमून!

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर धमकी भरा पत्र भेजने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि उसके पास एके-47 राइफल और चेकोस्लोवाकिया में निर्मित एक पिस्तौल है, लिहाजा उसकी धमकी को नजरअंदाज न किया जाए और जितनी जल्दी हो सके 50 लाख रुपये नियत स्थान पर भिजवा दिए जाएं।
पत्र धोनी के पिता पानसिंह के नाम लिखा गया है। पत्र में कहा गया है, ‘पान चाचा, मैंने एक पत्र पहले भी लिखा था, लेकिन अब तक मेरे आदमियों तक 50 लाख रुपये नहीं पहुंचे। इसका परिणाम बहुत बुरा होगा। मुझसे दुश्मनी बहुत महंगी पड़ेगी।’
‘आप पता लगा लीजिएगा रांची के ही ठेकेदार रंजन सिंह ने मुझे रंगदारी टैक्स देने से इनकार किया था, तो मेरे आदमियों ने उसे एसएसपी के गेट के सामने गोली मारी थी लेकिन वह बच गया था। यह अलग बात है कि उसका मामा मारा गया था।’
पत्र में लिखा गया है, ‘मैं अपना परिचय ज्यादा नहीं देना चाहता हूं। आप मुझसे संबंध रखेंगे, तो आपको बहुत सहायता मिलेगी। पुरुलिया में गिराए गए हथियार मेरे पास हैं। इसमें एके-47 राइफल और चेकोस्लोवाकिया में बने पिस्तौल हैं। आप 50 लाख रुपये डोरंडा थाना के अंतर्गत मनी टोला के पास नीम चौक (भारत फर्नीचर) भिजवा दें। वहां पर हर समय मेरे आदमी उपस्थित रहते हैं।’
पत्र में लिखा गया है, ‘रंगदारी नहीं दीजिएगा, तो रांची छोड़ दीजिए वर्ना पूरे परिवार को आत्मघाती हमला करके मार डालूंगा। यह पत्र प्रशासन तक नहीं पहुंचना चाहिए वर्ना परिणाम बुरा होगा। चुपचाप 50 लाख रुपये मनीटोला नीम चौक के दुकान का शटर उठाकर बैग रख दें। मैं तसलीम डोरंडा क्षेत्र में हूं। रंगदारी लेने के बाद विदेश चला जाऊंगा।’
पत्र भेजने वाले ने पत्र के अंत में अपना परिचय कुछ इस प्रकार दिया है, ‘उड़ीसा, बंगाल, बिहार, झारखंड का मोस्टवांटेड-छोटा दाउद डोरंडा हाथीखाना।’

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.